Trading ki Shuruat Kaise Kare? Step-by-Step Beginner’s Guide
हैलो ट्रेडर्स! आज ZyniveTrade पर हम आपके लिए Trading ki Shuruat Kaise Kare? Step-by-Step Beginner’s Guide लेकर आए हैं।
Trading ki Shuruat Kaise Kare? Step-by-Step Beginner’s Guide
इस पोस्ट के अंदर हम अपने 10 सालों का अनुभव (Experience) आपके साथ शेयर करने जा रहे हैं, जिससे आपकी ट्रेडिंग जर्नी बहुत आसान हो जाएगी। इस पोस्ट में हम आपको ट्रेडिंग से जुड़ी सभी जरूरी बातें बिल्कुल आसान भाषा में बताएंगे, जैसे:
- Trading क्या होती है? और इसकी शुरुआत कहाँ से करें?
- ट्रेडिंग में किन-किन जरूरी बातों और रिस्क मैनेजमेंट का ध्यान रखें?
- एक Pro Trader कैसे बनें और उनकी सोच (Mindset) कैसी होती है?
- Zero से लेकर Advance Level तक ट्रेडिंग कैसे सीखें?
- Charts को आसानी से कैसे समझें?
- Option Chain क्या होती है और Call & Put क्या है?
- Option Buyer और Option Seller में क्या फर्क होता है?
- Hedging क्या होती है और यह क्यों जरूरी है?
आज की इस पोस्ट के माध्यम से हम आपको ट्रेडिंग से जुड़ी यह सारी जानकारी बिल्कुल मुफ्त (Free) में देने जा रहे हैं। यह पोस्ट खास तौर पर उन नए दोस्तों और स्टूडेंट्स के लिए है जो स्टॉक मार्केट में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
साथ ही, हम यह भी बात करेंगे कि लोग 1-2 साल ट्रेडिंग करने के बाद इसे छोड़ क्यों देते हैं? इस पोस्ट में आपको वो प्रैक्टिकल नॉलेज मिलने वाली है जो हमने इन 10 सालों में खुद सीखी है इसलिए, आप सभी से निवेदन है कि इस पोस्ट के अंत तक जुड़े रहें ताकि कोई भी जरूरी जानकारी आपसे न छूटे!
Trading क्या होती है? और इसकी शुरुआत कहाँ से करें?
इसमें हम आपको बहुत ही सरल भाषा में समझाने की कोशिश करेंगे ताकि आप इसे आसानी से समझ सकें।
ट्रेडिंग क्या होती है?
आसान शब्दों में कहें तो किसी भी कंपनी के शेयर खरीदना और बेचना ही ट्रेडिंग कहलाता है। इसे एक उदाहरण से समझते हैं:
मान लीजिए रिलायंस (Reliance) की कोई कंपनी है और उसके एक शेयर की कीमत लगभग 1000 रुपये है। आपको लगता है कि आने वाले समय में इस शेयर की कीमत बढ़ने वाली है, तो आप उसे खरीद लेते हैं (इसे Buy करना कहते हैं)। अब अगर उस शेयर की कीमत बढ़ जाती है, तो आपको मुनाफा (Profit) होता है।
इसका ठीक उल्टा भी होता है:
अगर आपको लगता है कि किसी शेयर की कीमत नीचे गिरने वाली है, तो आप उसे बेच सकते हैं (इसे Sell करना कहते हैं— शॉर्ट सेलिंग)। अब अगर उस कंपनी के शेयर का भाव गिरता है, तो भी आपको मुनाफा होता है। इसी पूरी प्रक्रिया को ट्रेडिंग कहते हैं।
Trading के प्रकार (Types of Trading)
ट्रेडिंग को अलग-अलग समय (Timeframe) के हिसाब से कई भागों में बांटा गया है:
इन्ट्राडे ट्रेडिंग (Intraday Trading):
यह वो ट्रेडिंग होती है जिसमें शेयर को मार्केट ओपन होने के बाद खरीदा जाता है और मार्केट बंद होने से पहले ही बेचना पड़ता है। यह सिर्फ एक ही दिन (Same Day) के लिए होती है, यानी जिस दिन शेयर खरीदा, उसी दिन मार्केट बंद होने से पहले अपनी पोजीशन से बाहर निकलना पड़ता है।
स्विंग ट्रेडिंग (Swing Trading):
स्विंग ट्रेडिंग कुछ दिनों, हफ्तों या फिर कुछ महीनों के लिए होती है। इसमें ट्रेडर अपनी पोजीशन को तब तक होल्ड करके रखता है जब तक उसे एक अच्छा प्राइस मूवमेंट या मुनाफा नहीं मिल जाता। (नए लोगों के लिए यह काफी पॉपुलर तरीका है)।
फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस ट्रेडिंग (F&O Trading):
यह डेरिवेटिव मार्केट में होती है और बहुत ज्यादा रिस्की ट्रेडिंग मानी जाती है। हालांकि, ज्यादातर नए ट्रेडर्स इसी में रुचि रखते हैं और इसी वजह से ज्यादातर लोग इसमें अपना लॉस भी कर बैठते हैं।
इन्वेस्टमेंट (Investment) और ट्रेडिंग (Trading) में अंतर
इन्वेस्टमेंट (Investment):
इन्वेस्टमेंट वह प्रक्रिया है जिसमें हम किसी भी कंपनी के अच्छे शेयर खरीदकर अपने पोर्टफोलियो में 1 साल, 2 साल या उससे भी अधिक लंबे समय के लिए रख देते हैं। इसमें जब भी हमें पैसों की लंबी अवधि के बाद जरूरत होती है, तब हम अपनी पोजीशन को लॉन्ग-टरम बेसिस पर एग्जिट करते हैं।
ट्रेडिंग (Trading):
यह कम समय के लिए होती है जिसमें बाजार के छोटे-छोटे उतार-चढ़ाव से तुरंत मुनाफा कमाने की कोशिश की जाती है।
ट्रेडिंग में किन-किन जरूरी बातों और रिस्क मैनेजमेंट का ध्यान रखें?
जब कोई भी नया ट्रेडर ट्रेडिंग की दुनिया में अपना पहला कदम रखता है, तो उसे सबसे पहले प्रॉफिट के बारे में नहीं सोचना चाहिए। बल्कि उसे यह सोचना चाहिए कि “अगर मुझे इस ट्रेड में लॉस हुआ, तो मैं कहाँ पर रुकूंगा और कितना नुकसान झेलने के लिए तैयार हूँ?”
एक सफल और Pro Trader की सोच हमेशा यही होती है। वे मार्केट में रिस्क को मैनेज करने के बाद ही अपना अगला कदम उठाते हैं। इसी मानसिकता के साथ वे ट्रेडिंग को अपना करियर बनाते हैं।
स्टॉप लॉस (Stop Loss) का हमेशा इस्तेमाल करें:
यह एक ऐसा पार्ट है जिसे हर कोई आसानी से स्वीकार (Accept) नहीं कर पाता, लेकिन ट्रेडिंग में टिके रहने के लिए यह सबसे जरूरी है।
ट्रेड में एंट्री लेने से पहले ही आपको यह पता होना चाहिए कि इस ट्रेड में मेरा अधिकतम स्टॉप लॉस (Stop Loss) कितना जा रहा है। एंट्री लेते ही सही जगह पर स्टॉप लॉस लगाना बहुत जरूरी है। इसके दो बड़े फायदे होते हैं:
- इससे आपको FOMO (Fear of Missing Out) या घबराहट नहीं होती।
- अगर मार्केट आपकी दिशा के विपरीत भी चला जाता है, तो आपका नुकसान उतना ही होता है जितना आपने पहले से तय किया था, उससे ज्यादा बड़ा लॉस नहीं होता।
जो प्रो ट्रेडर्स होते हैं, वे अपनी सही स्किल्स (Skills) और इसी अनुशासित तरीके के साथ मार्केट में काम करते हैं।
रिस्क-टू-रिवार्ड रेश्यो (Risk-to-Reward Ratio) समझें:
मार्केट में एंट्री लेने से पहले हमेशा यह डिसाइड करें कि इस ट्रेड में आपका Risk-to-Reward Ratio कितना है, उसके बाद ही अपनी एंट्री बनाएं।
कई लोग क्या करते हैं कि बिना सोचे-समझे ट्रेड में एंट्री प्लान कर लेते हैं और उन्हें यह भी पता नहीं होता कि प्रॉफिट आने के बाद उसे बुक कहाँ करना है। इसी जानकारी की कमी के कारण कई बार हाथ आया हुआ मुनाफा भी वापस मार्केट में चला जाता है। इसलिए हमेशा अपने टारगेट और स्टॉप लॉस को पहले से तय करके रखें।
ओवर-ट्रेडिंग (Over-trading) से बचें:
यह बात समझना आप सभी के लिए बहुत ज्यादा जरूरी है। कई नए ट्रेडर्स को यह पता ही नहीं होता कि उन्हें दिनभर में कितने ट्रेड्स लेने चाहिए।
- लालच में ओवर-ट्रेडिंग: अगर किसी ट्रेडर को सुबह-सुबह ही प्रॉफिट हो जाता है, तो वह लालच में आकर और ट्रेड लेना शुरू कर देता है। इसका नतीजा यह होता है कि जो प्रॉफिट कमाया था वो तो जाता ही है, साथ में जेब से कैपिटल (Capital) का लॉस भी हो जाता है।
- रिवेंज ट्रेडिंग (मार्केट से बदला लेना): कई ट्रेडर्स ऐसे होते हैं जिन्हें लॉस होने के बाद यह लगता है कि अब तो मार्केट से रिकवर करके ही मानूंगा। वे गुस्से में आकर बिना सोचे-समझे बार-बार एंट्री बना लेते हैं और अपना पूरा कैपिटल खत्म कर बैठते हैं। आखिर में परेशान होकर वे मार्केट से हमेशा के लिए दूरी बना लेते हैं।
जो प्रो ट्रेडर्स होते हैं, वे इन सब इमोशंस से दूर रहते हैं। वे अपने दिन के ट्रेड पहले से फिक्स रखते हैं और अनुशासन के साथ मार्केट को बंद कर देते हैं।
उधार या लोन के पैसों से ट्रेडिंग कभी न करें:
नए ट्रेडर्स के लिए यह एक बहुत बड़ी सलाह है। ट्रेडिंग में हमेशा उतना ही पैसा लगाएं कि अगर वह डूब भी जाए, तो आपको बड़ा दुःख न हो। सच तो यह है कि शुरुआती दौर में यहाँ लॉस होना लगभग तय है, इसलिए इस बाजार में पैसा वही लगाएं जिसके जाने पर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर कोई असर न पड़े।
- लोन लेकर ट्रेडिंग करना: कई लोग मार्केट में पैसा लगाने के लिए बैंक से लोन ले लेते हैं और यह सोचते हैं कि मार्केट से कमाकर अपनी EMI चुका दूंगा। लेकिन असलियत में ऐसा नहीं होता। बिना सोचे-समझे लालच में आकर लोग लोन का पैसा मार्केट में झोंक देते हैं और भारी लॉस करवा बैठते हैं। अंत में उन्हें अपनी जेब से लोन की किस्तें चुकानी पड़ती हैं।
- उधार लेकर पैसा लगाना: कई नए ट्रेडर लालच में आकर दोस्तों या रिश्तेदारों से उधार पैसे लेते हैं और सारा पैसा एक ही बार में मार्केट में लगा देते हैं। बड़ा लॉस होने के बाद वे मानसिक रूप से टूट जाते हैं और डिप्रेशन में आ जाते हैं।
मेरी पर्सनल सलाह: आप सभी से हाथ जोड़कर निवेदन है कि ऐसा बिल्कुल न करें। पहले मार्केट को अच्छी तरह सीखें, कम से कम कुछ साल इसे दें और केवल उतना ही रिस्क लें जितना आप आसानी से झेल सकें। ट्रेडिंग से रातों-रात अमीर बनने का सपना छोड़ दें।
एक Pro Trader कैसे बनें और उनकी सोच (Mindset) कैसी होती है?
सभी नए ट्रेडर्स को ऐसा लगता है कि जो प्रो ट्रेडर्स हैं, उनके पास कोई ऐसा जादुई सिस्टम या सीक्रेट इंडिकेटर है जिससे उन्हें पहले ही पता चल जाता है कि मार्केट कहाँ जाएगा और आज कितना प्रॉफिट होने वाला है। वे सोचते हैं कि इसी वजह से वे प्रो ट्रेडर हैं। लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है, यह सोच पूरी तरह से गलत है। एक आम ट्रेडर और एक प्रो ट्रेडर में सिर्फ Mindset और Discipline का ही असल फर्क होता है।
आइए जानते हैं कि एक प्रो ट्रेडर की सोच दूसरों से अलग कैसे होती है:
लॉस (Loss) को देखने का नजरिया:
जब कोई नया ट्रेडर मार्केट में लॉस करता है, तो वह मार्केट से लड़ना शुरू कर देता है और उस लॉस को कभी स्वीकार (Accept) ही नहीं कर पाता। इसके उलट, एक प्रो ट्रेडर लॉस को इस बिजनेस का एक छोटा सा हिस्सा मानता है। लॉस होने के बाद वह मार्केट से बदला नहीं लेता और न ही अपने अंदर FOMO आने देता है। वह खुद को हमेशा अपने बनाए गए रूल्स में बांधकर रखता है।
पैसे कमाने से ज्यादा ‘कैपिटल बचाने’ पर फोकस:
नए ट्रेडर के दिमाग में हमेशा यही चलता रहता है कि “आज इस 5,000 रुपये को डबल करके 10,000 कैसे बनाया जाए?” इसी लालच के चक्कर में उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी तरफ, एक प्रो ट्रेडर यह सोचता है कि “आज मुझे किसी भी हाल में अपना कैपिटल बचाना है।” वह जानता है कि अगर कैपिटल सुरक्षित रहेगा, तो मार्केट में आगे और भी कई बेहतरीन एंट्री मिल जाएंगी, लेकिन अगर कैपिटल ही खत्म हो गया, तो ट्रेडिंग का खेल वहीं खत्म हो जाएगा। यही दूर की सोच एक प्रो ट्रेडर को सफल बनाती है और वह शांति से अपने सही सेटअप (Setup) का इंतजार करता है।
वे अपनी गलतियों से सीखते हैं (Journaling):
- प्रो ट्रेडर अपने हर एक ट्रेड का पूरा रिकॉर्ड रखते हैं। वे अपने रिकॉर्ड के अंदर उन छोटी-छोटी गलतियों को भी नोट करते हैं जिनकी वजह से उन्हें लॉस हुआ होता है।
- उनकी सबसे खास बात यह होती है कि चाहे उन्हें प्रॉफिट हो या लॉस, मार्केट बंद होने के बाद वे अपना रिकॉर्ड खोलते हैं और उसे अपने चार्ट के साथ मिलाकर देखते हैं। वे एनालाइज करते हैं कि उन्होंने कहाँ सही डिसीजन लिया और कहाँ गलती की जिसकी वजह से नुकसान उठाना पड़ा।
- लेकिन इसके विपरीत, नए ट्रेडर्स को यह सब झंझट या रिकॉर्ड रखना बहुत बेकार और बोरिंग लगता है। इसी लापरवाही के कारण उन्हें कभी यह पता ही नहीं चल पाता कि उनकी असल गलती कहाँ हो रही है। यही सबसे बड़ा फर्क है एक नए ट्रेडर और एक प्रो ट्रेडर की सोच और काम करने के तरीके में।
(Patience) ही उनकी ताकत है:
प्रो ट्रेडर्स रोज सिर्फ ट्रेड लेने के लिए मार्केट में नहीं आते हैं। वे मार्केट को देखते जरूर हैं, हर मूवमेंट को ऑब्ज़र्व करते हैं, लेकिन हर कैंडल पर कूद पड़ते नहीं हैं।
वे सिर्फ इस बात का इंतजार करते हैं कि कब मार्केट उनके परफेक्ट सेटअप में आएगा और कब उन्हें सही मौका मिलेगा। बिना अपने सेटअप के वे कभी भी ट्रेड नहीं लेते, चाहे मार्केट में घंटों का समय ही क्यों न बीत जाए। अगर पूरे दिन में भी उनका सेटअप नहीं बनता है, तो वे उस दिन एक भी एंट्री नहीं करते और शांति से स्क्रीन बंद करके बैठ जाते हैं।
Zero से लेकर Advance Level तक ट्रेडिंग कैसे सीखें?
अगर यहाँ कोई भी नया ट्रेडर है और वह एकदम 0 (शून्य) से शुरुआत करना चाहता है, तो उसके लिए कुछ जरूरी बातें जानना बहुत जरूरी है:
- रातों-रात अमीर बनने का सपना छोड़ें: शेयर मार्केट में रातों-रात अमीर बनने का कोई जादू नहीं है। इसके लिए आपको अपना एक सही रोडमैप (Roadmap) बनाना पड़ेगा जिसके सहारे आप आगे बढ़ सकें।
- यह जुआ नहीं, एक स्किल है: सबसे बड़ी बात, अपने दिमाग से यह बात निकाल दीजिए कि ट्रेडिंग कोई जुआ (Gambling) है। यह एक बिजनेस और स्किल है जिसे सही तरीके से सीखकर आप इसमें अपना करियर भी बना सकते हैं।
आइए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके जानते हैं कि ट्रेडिंग को जीरो से कैसे सीखा जाए:
Step 1: बेसिक कॉन्सेप्ट्स और मार्केट की समझ (Beginner Level)
- मार्केट की बेसिक जानकारी: जो नए ट्रेडर्स हैं, उन्हें सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि शेयर मार्केट क्या है और इसमें किस तरह काम होता है? इसके अलावा NSE, BSE (स्टॉक एक्सचेंज) और ब्रोकर क्या होते हैं, इसकी जानकारी होनी चाहिए।
- बाइंग और सेलिंग (Buying & Selling): शेयर कैसे खरीदे और बेचे जाते हैं, और डीमैट अकाउंट (Demat Account) क्या होता है, इन सभी की बेसिक जानकारी लेना सबसे पहला और आवश्यक कदम है।
- टाइम फ्रेम (Timeframe): जैसा कि हमने पहले ही बात की थी कि अलग-अलग तरह के टाइम फ्रेम होते हैं (जैसे इंट्राडे, स्विंग), उनके बारे में भी बेसिक नॉलेज होना बहुत जरूरी है।
Step 2: टेक्निकल एनालिसिस की एबीसीडी (Intermediate Level)
- चार्ट पढ़ना और समझना सीखें: ट्रेडिंग का असली दिल चार्ट होता है। इसे पढ़ना और समझने की कोशिश करें। यहाँ यह समझें कि ग्रीन कैंडल क्यों बनती है और वह क्या दर्शाती है, इसी के साथ रेड कैंडल के बनने का कारण और उसका मतलब भी गहराई से समझना होगा।
- सपोर्ट और रेजिस्टेंस (Support & Resistance): यह पहचानना सीखें कि सपोर्ट क्या होता है और रेजिस्टेंस क्या होता है। चार्ट पर इनका क्या महत्व है, क्योंकि मार्केट ज़्यादातर इन्हीं दो लेवल्स के बीच घूमता है।
- ट्रेंड लाइन्स (Trendlines): ट्रेंड लाइन क्या होती है और इसे चार्ट पर किस तरह बनाया जाता है, यह समझें। साथ ही, यह देखें कि अपट्रेंड (Uptrend) और डाउनट्रेंड (Downtrend) में यह किस तरह काम करती है और मार्केट का रुख तय करने में कैसे मदद करती है।
Step 3: रिस्क मैनेजमेंट और साइकोलॉजी (The Most Important Step)
- स्टॉप लॉस है बहुत जरूरी: यह सबसे जरूरी पॉइंट है। स्टॉप लॉस के बिना ट्रेडिंग करना समझ लीजिए सीधे तौर पर मौत को दावत देना है। बिना स्टॉप लॉस के एक ही ट्रेड आपका पूरा कैपिटल साफ कर सकता है।
- रिस्क-टू-रिवार्ड रेश्यो (Risk-to-Reward Ratio): जो भी एंट्री आपने बनाई है या बनाने वाले हैं, उसमें यह देखना बहुत जरूरी है कि इस ट्रेड में आपका अधिकतम लॉस कितना है और उसके बदले प्रॉफिट का टारगेट कितना है। हमेशा सही रेश्यो के साथ ही आगे बढ़ें।
- इमोशन कंट्रोल (Emotion Control): ट्रेडिंग में लालच, FOMO (घबराहट कि मौका छूट न जाए) और रिवेंज ट्रेडिंग (मार्केट से बदला लेने की भावना)—इन सबको पूरी तरह से छोड़ना पड़ेगा। जब तक आप अपने इमोशंस पर काबू नहीं रखेंगे, तब तक मार्केट में टिकना मुश्किल है।
Step 4: पेपर ट्रेडिंग करना शुरू करें और अपना एक सेटअप बनाएं
कम से कम 5 से 6 महीने तक पेपर ट्रेडिंग करें और इस दौरान अपना एक परफेक्ट सेटअप तैयार करके उस पर लगातार प्रैक्टिस करें। साथ ही, अपने हर ट्रेड का जर्नल (रिकॉर्ड) लिखें और मार्केट बंद होने के बाद उसे चार्ट के साथ मैच कराएं। ऐसा कोई सेटअप या इंडिकेटर ढूंढें जो आपको बार-बार सही रिजल्ट दे रहा हो और लगातार उसकी टेस्टिंग करते रहें।
Step 5: रियल कैपिटल के साथ शुरुआत (Real Trading)
- अगर आपने पिछले 5 से 6 महीने तक पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ पेपर ट्रेडिंग की है, तब जाकर एक बहुत ही छोटे अमाउंट (Capital) के साथ अपनी असली ट्रेडिंग (Real Trading) की शुरुआत करें।
- यह बात हमेशा याद रखें कि पहले दिन से ही आपको बहुत सारे पैसे कमाने के बारे में नहीं सोचना है। आपका पहला और सबसे बड़ा मकसद यह होना चाहिए कि आपको मार्केट में टिके रहना है, अपने रिस्क को मैनेज करना है और अपने सेटअप को और भी ज्यादा मजबूत बनाना है। जब आप मार्केट में टिकना सीख जाएंगे, तो पैसा अपने आप बनने लगेगा।
Charts को आसानी से कैसे समझें?
जो भी लोग ट्रेडिंग में नए-नए आते हैं, उनके लिए चार्ट इतना बोरिंग लगता है कि वे समझ ही नहीं पाते हैं कि यह लाल और हरी लाइनें क्या हैं, यह किस तरह चलती हैं और किस तरह नहीं। लेकिन यह सिर्फ शुरुआत में ही बोरिंग लगता है, बाद में वही चार्ट आपसे बातें करने लगता है और आप उसकी चाल को बहुत आसानी से समझने लगते हैं।
- सबसे पहले शुरुआत कैंडल (Candle) से करें:चार्ट पर जो आपको लाल और हरी कैंडल दिखती हैं, उन्हें कैंडलिस्टिक (Candlestick) कहा जाता है।
- हरी कैंडल (Green Candle): यह बताती है कि इस समय मार्केट में खरीदारों (Buyers) का जोर ज्यादा था और यहाँ से स्टॉक की कीमत बढ़ी है।
- लाल कैंडल (Red Candle): यह बताती है कि इसमें बेचने वालों (Sellers) का जोर ज्यादा था और यहाँ से कीमत गिरी है।
टाइम फ्रेम को सही तरह से चुनें:
- इंट्राडे ट्रेडिंग (Intraday Trading): अगर आप इंट्राडे ट्रेडर बनना चाहते हैं, तो आपको 5 मिनट, 15 मिनट या 1 घंटे (1 Hour) के चार्ट पर नजर रखनी जरूरी है। यह शॉर्ट-टर्म मूवमेंट को पकड़ने में मदद करते हैं।
- स्विंग या लॉन्ग-टर्म ट्रेडिंग (Swing & Long-Term Trading): अगर आप स्विंग या लॉन्ग-टर्म ट्रेडर बनना चाहते हैं, तो आपको डेली (Daily) और वीकली (Weekly) टाइम फ्रेम में काम करना होगा।
- अपनी ट्रेडिंग स्टाइल चुनें: इसी के साथ, कई ट्रेडर्स अपनी स्ट्रेटजी और सहूलियत के हिसाब से अलग टाइम फ्रेम चुनते हैं। आप भी अपनी ट्रेडिंग स्टाइल और रुचि के हिसाब से सही टाइम फ्रेम का चुनाव कर सकते हैं।
जब आप इतना सीख लेते हैं, तो उसके बाद आपको चार्ट पर सपोर्ट और रेजिस्टेंस की लाइनें खींचनी होती हैं और इसे बहुत बारीकी से समझना होता है:
- सपोर्ट (Support): इसको बड़े ध्यान से समझने की कोशिश करते हैं। सपोर्ट वह जगह होती है जहाँ मार्केट गिरते-गिरते रुकता है या फिर रुकने वाला होता है। इसे निकालने का सही तरीका पिछले चार्ट (Historical Chart) को देखकर पता चलता है।
- आसान शब्दों में समझें: मान लीजिए आप जिस जमीन पर खड़े हुए हैं, वह एक सपोर्ट है—यानी आप उससे और नीचे नहीं जा सकते, फर्श आपको रोक लेता है। ठीक वैसे ही मार्केट जब नीचे आता है, तो सपोर्ट उसे और गिरने से रोकता है।
- रेजिस्टेंस (Resistance): यह वो जगह होती है जैसे हमारे मकान की छत होती है। छत ऐसी होती है कि हम उससे ऊपर नहीं जा सकते, और जब हम सिर ऊपर मारते हैं तो टकराकर वापस नीचे आ जाते हैं—वही रेजिस्टेंस होता है। ठीक इसी तरह, जब मार्केट ऊपर जाता है और किसी ऊपरी दीवार (रेजिस्टेंस) से टकराता है, तो वहाँ से वापस नीचे की तरफ मुड़ जाता है।
Option Chain क्या होती है और Call & Put क्या है?
जब आप सभी बेसिक ट्रेडिंग (जैसे स्टॉक को खरीदना और बेचना) सीख जाते हैं, तब अगला कदम होता है ऑप्शंस ट्रेडिंग (Options Trading) को समझना। सबसे ज्यादा लोग यहीं पर कंफ्यूज होते हैं कि कॉल और पुट क्या है, और सच कहें तो यहीं से ज्यादातर नए लोगों के लिए लॉस का दौर शुरू होता है। आइए इसे आसान भाषा में समझें:
1. Call Option (CE) क्या होता है?
बुलिश व्यू) इसे हम तब खरीदते हैं जब हमें लगता है कि यहाँ से मार्केट ऊपर जाएगा। इसमें हम वो स्ट्राइक प्राइस (Strike Price) चुनते हैं जो हमारे बजट में होती है। जिस स्ट्राइक को हमने खरीदा है, उसका बढ़ना बहुत जरूरी होता है; क्योंकि जब तक वह नहीं बढ़ेगी, तब तक हमें प्रॉफिट नहीं होगा और अगर मार्केट रुका या उल्टा गया, तो बहुत तेजी से लॉस आने लगता है।
2. Put Option (PE) क्या होता है?
(बेयरिश व्यू) इसे हम तब खरीदते हैं जब हमें लगता है कि मार्केट यहाँ से नीचे गिर सकता है। तब हम पुट की वो स्ट्राइक खरीदते हैं जो हमारे बजट में होती है। ऑप्शंस में हम ज्यादातर चीजें बायर के तौर पर खरीदते हैं—चाहे मार्केट गिरे (पुट खरीदकर) या चढ़े (कॉल खरीदकर), क्योंकि यहाँ हम छोटे कैपिटल से ट्रेड करते हैं।
विशेष नोट (महत्वपूर्ण चेतावनी): ऑप्शंस ट्रेडिंग बहुत ही ज्यादा रिस्की (Risky) होती है, क्योंकि इसमें टाइम डीके (Time Decay) और प्रीमियम गलने जैसी चीजें हमेशा बायर के विपक्ष में काम करती हैं। यही वजह है कि ज्यादातर अनुभवी ट्रेडर्स नए लोगों को ऑप्शंस से दूर रहने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसमें सारा पैसा जीरो होने का भी पूरा खतरा रहता है।
3. Option Chain क्या होती है? (डेटा का खजाना)
ऑप्शन चेन को समझना हर किसी के बस की बात नहीं है; क्योंकि इसके अंदर इतनी सारी चीजें होती हैं कि अच्छे-अच्छे लोगों के दिमाग का दही बन जाता है!
लेकिन जो ट्रेडर इसे गहराई से समझ जाता है,
उसकी ट्रेडिंग में काफी अच्छा सुधार दिखने लगता है। इसके अंदर यह बताया जाता है कि किस स्ट्राइक प्राइस पर सबसे ज्यादा सेलर्स (Open Interest) बैठे हैं और किस पर बायर्स हैं।
इसी के साथ, इसमें कई एडवांस चीजें भी होती हैं, जिन्हें आप धीरे-धीरे सीख सकते हैं:
- वॉल्यूम (Volume): यह बताता है कि किस कॉन्ट्रैक्ट में कितना ज्यादा लेन-देन हो रहा है।
- IV (Implied Volatility): यह मार्केट में चल रहे उतार-चढ़ाव और डर या उत्साह को मापता है।
- थीटा, डेल्टा और गामा (Theta, Delta, Gamma): ये ऑप्शन ग्रीक्स (Options Greeks) हैं, जो यह तय करते हैं कि समय बीतने के साथ आपके
- ऑप्शन के प्रीमियम का दाम कितनी तेजी से बढ़ेगा या घटेगा।
- इन्ट्रेन्सिक वैल्यू (Intrinsic Value): यह ऑप्शन की असली वैल्यू होती है।
शुरुआत में इन सबका एक साथ लोड नहीं लेना है, लेकिन जैसे-जैसे आप मार्केट में समय बिताएंगे, ऑप्शन चेन आपको साफ-साफ इशारे देने लगेगी कि मार्केट का अगला बड़ा मूव कहाँ आने वाला है!
Option Buyer और Option Seller में क्या अंतर होता है?
दोस्तों, यह टॉपिक आपके लिए बहुत इंपॉर्टेंट है, इसलिए इसे ध्यान से समझने की कोशिश करें और बार-बार इसे रीड करें।
ऑप्शन बाइंग और ऑप्शन सेलिंग में सबसे बड़ा अंतर कैपिटल (Capital) का होता है। ऑप्शन बाइंग कुछ ही पैसों में शुरू हो जाती है (जैसे 500 से लेकर 10,000 रुपए तक); वहीं इसके विपरीत, ऑप्शन सेलिंग के लिए बहुत बड़े फंड की जरूरत होती है—लाखों रुपए भी इसमें कम पड़ जाते हैं!
ऐसा इसलिए होता है क्योंकि:
- जीतने के चांस (Probability of Winning):
ऑप्शन सेलर के पास जीतने के कई रास्ते और चांस ज्यादा होते हैं। इसमें मार्केट चाहे साइडवेज (Sideways) ही क्यों न हो जाए, या मार्केट ऊपर जाए या नीचे—सेलर के जीतने के चांस हमेशा ज्यादा होते हैं। इसके उलट, बायर के लिए सिर्फ मार्केट का उसकी दिशा में तेजी से भागना जरूरी होता है, तभी बायर को प्रॉफिट होता है।
- बायर का सबसे बड़ा दुश्मन – टाइम डीके (Time Decay):
ऑप्शन बायर का सबसे बड़ा दुश्मन समय होता है। जैसे-जैसे एक्सपायरी का समय नजदीक आता है, उस स्ट्राइक का भाव (प्रीमियम) अपने आप गिरने लगता है और बायर को नुकसान होने लगता है। इसके विपरीत, सेलर का सबसे बड़ा दोस्त ‘Time Decay’ होता है! जितना प्रीमियम गलेगा और समय बीतेगा, उतना ही सेलर को फायदा होगा।
- रिस्क और रिवार्ड (Risk & Reward):
यहाँ सेलर का प्रॉफिट लिमिटेड होता है और लॉस अनलिमिटेड हो सकता है। वहीं दूसरी तरफ, बायर का लॉस लिमिटेड (जितना पैसा लगाया, बस उतना ही डूबेगा) और प्रॉफिट अनलिमिटेड होता है। लेकिन इसके बावजूद, कम जीतने के चांस और टाइम डीके की वजह से बायर के लिए रिस्क हमेशा ज्यादा रहता है।
Hedging क्या होती है और यह क्यों जरूरी है?
आजकल देखा जाए तो यह अभी बहुत ट्रेंड में चल रही है। हर कोई ट्रेडर हेजिंग करना चाहता है, लेकिन कई लोगों को इसके बारे में सही तरह की जानकारी नहीं होती है।
हम हेजिंग से संबंधित कुछ खास टॉपिक्स पर आगे बात करेंगे, क्योंकि हम चाहते हैं कि आपके लिए हेजिंग की पूरी जानकारी चैप्टर-दर-चैप्टर लेकर आएं, जिससे आपको ट्रेडिंग में हेजिंग करना आ सके। मार्केट के ट्रेंड के हिसाब से कई तरह की हेजिंग होती है, जैसे—आयरन कोंडोर (Iron Condor), डायरेक्शनल हेज, नॉन-डायरेक्शनल हेज और भी बहुत सारी, जिन्हें हम अलग से पोस्ट में चैप्टर-वाइज लेकर आएंगे।
फिलहाल इसे बिल्कुल बेसिक तरीके से समझ लेते हैं, और एडवांस बातें बाद में करेंगे।
हेजिंग का बेसिक मतलब:
हेजिंग करना बहुत सही होता है और आमतौर पर यह वे लोग करते हैं जिनका फंड बड़ा होता है, क्योंकि इसमें एक लॉट में ही 1 लाख से 1.5 लाख रुपए तक लग जाते हैं।
एक आसान उदाहरण से समझें:
मान लीजिए आपको लगता है कि यहाँ से मार्केट ऊपर जाएगा, तो आप वहाँ पर ऑप्शन सेल (Option Sell) कर देते हैं। लेकिन अगर आपकी यह गणित फेल हो जाती है और आप चाहते हैं कि अगर मार्केट आपके विपरीत भी चला जाए तो आपको ज्यादा बड़ा लॉस न हो, तो उसके लिए आप उसी ट्रेड के साथ एक दूर का ऑप्शन बाय (Buy) भी कर लेते हैं।
इससे होता यह है कि एक तरफ अगर लॉस होता है, तो दूसरी तरफ से आपको प्रॉफिट मिल जाता है, जिसके कारण आपका कुल नुकसान एक लिमिटेड दायरे में ही रुक जाता है।
दोस्तों, आप सभी को यह पोस्ट कैसी लगी, हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। अगर इस पोस्ट से संबंधित आपके पास किसी भी तरह के प्रश्न हों, तो हमें नीचे कमेंट जरूर करें—हम आपकी सहायता के लिए हमेशा तैयार हैं।
इस पोस्ट को अपने उन दोस्तों के साथ शेयर जरूर करें जिनको ट्रेडिंग सीखनी है। हम आपके लिए इतनी मेहनत करते हैं, दिन-रात एक करते हैं, इसलिए इसे शेयर करना न भूलें!
डिस्क्लेमर (Disclaimer):
यह पोस्ट सिर्फ एजुकेशनल पर्पस (Educational Purpose) के लिए बनाई गई है। हम न ही सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड हैं और न ही कोई वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor)। हम सिर्फ वही जानकारी आप सभी तक पहुँचा रहे हैं जिसके लिए हमने सालों तक मेहनत की है।
किसी भी तरह की एंट्री लेने से पहले एक बार अपने वित्तीय सलाहकार से जरूर सलाह लें, क्योंकि स्टॉक मार्केट में रिस्क ज्यादा होता है और यहाँ लॉस होने की संभावना भी बहुत होती है। किसी भी तरह के लॉस की जिम्मेदारी zynivetrade.com की नहीं होगी। हम इस वेबसाइट पर किसी भी तरह की टिप्स नहीं देते हैं।